- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Shamli
- Shamli Police Save Youths From Suicide After Meta Alert | Latest News
मेटा के अलर्ट पर बची दो युवकों की जान:शामली में सोशल मीडिया पर आत्महत्या की पोस्ट के बाद 10 मिनट में पहुंची पुलिसआकाश मलिक | शामलीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
शामली में सोशल मीडिया पर आत्महत्या के संकेत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दो युवकों की जान बचा ली। कैराना में निजी कंपनी में काम करने वाला युवक फंदे पर लटक चुका था, जबकि थानाभवन में बीएससी का छात्र गले में गमछा डालकर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। दोनों मामलों में इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा किए जाने के बाद मेटा से पुलिस को अलर्ट मिला। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर युवकों को सुरक्षित बचा लिया।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, दोनों घटनाएं 13 और 14 अक्टूबर की हैं। पहली घटना में कैराना पुलिस ने सात मिनट के भीतर कार्रवाई कर युवक को बचाया, जबकि दूसरी घटना में थानाभवन पुलिस ने दस मिनट में छात्र की जान बचाई। समय पर मिली सूचना और पुलिस की तत्परता से दो परिवारों को बड़ी त्रासदी से बचा लिया गया।
कैराना में फंदे पर लटक चुका था युवक
पहली घटना 13 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे कैराना क्षेत्र में हुई। निजी कंपनी में काम करने वाले युवक ने मानसिक तनाव और घरेलू कलह के चलते इंस्टाग्राम पर वीडियो स्टेटस साझा किया था। इसमें उसने जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए माफी मांगी थी। मेटा से डीजीपी मुख्यालय को अलर्ट मिला, जिसके बाद शामली पुलिस को सूचना दी गई। कैराना कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची तो युवक फंदे पर लटक चुका था। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर उसकी जान बचाई।
गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद छात्र ने उठाया कदम
दूसरी घटना 14 अक्टूबर की सुबह थानाभवन क्षेत्र में हुई। यहां बीएससी के छात्र का अपनी गर्लफ्रेंड से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर आत्महत्या करने की बात कही। सोशल मीडिया से अलर्ट मिलने पर थानाभवन थाने से उपनिरीक्षक वीरेंद्र और सोनिया की टीम मौके पर पहुंची। छात्र गले में गमछा डालकर आत्महत्या का प्रयास करने की स्थिति में था। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसके हाथ से गमछा हटाकर उसे सुरक्षित बचा लिया।
छह महीने में 32 लोगों की बचाई जान
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। समय रहते कार्रवाई कर जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीने में सोशल मीडिया पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट के मामलों में शामली पुलिस 32 लोगों की जान बचा चुकी है।
तनाव में आत्मघाती कदम न उठाने की अपील
एसपी ने लोगों से अपील की कि मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद की स्थिति में आत्मघाती कदम उठाने के बजाय परिजनों और भरोसेमंद लोगों से बात करें। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में मदद मांगना जरूरी है। वहीं, इन दोनों घटनाओं में सोशल मीडिया अलर्ट और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते जान बचाई जा सकी।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




