- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Sitapur
- Sitapur Jackal Attack | Villagers Injured In Machrehta & Sandana Forest Team
सीतापुर में बच्ची समेत 6 लोगों पर हमला:हाथ-पैर में आई चोटें; गाय और कुत्तों को भी बनाया निशाना, वन विभाग की टीम पहुंचीअभिषेक सिंह | सीतापुर10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सीतापुर के मछरेहटा और संदना थाना क्षेत्र के दो गांवों में सियार के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत है। गुरुवार सुबह सियार ने पांच वर्षीय बच्ची समेत छह लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। सभी घायलों के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। इसके अलावा सियार ने गांव में गाय और कुत्तों के झुंड को भी निशाना बनाया। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से सियार को पकड़ने और गांवों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
निमंतापुर गांव निवासी विमलेश पाल की पांच वर्षीय बेटी आकांक्षा गुरुवार सुबह करीब 6 बजे दुकान जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सियार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची के घायल होने पर उसने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर सियार को वहां से भगा दिया।
खेतों की ओर जा रहे 5 ग्रामीणों को भी काटा
इसके बाद सियार ने क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों पर भी हमला कर दिया। निमतापुर निवासी अनिल कुमार (32), उदयीपुर पूर्वी के मजरा महमदा निवासी शिवम (17), बेहड़ा निवासी हरद्वारी (40), अवधपुर पूर्वी निवासी राकेश (40) और उदयीपुर पूर्वी निवासी मीरा (35) पर भी सियार ने हमला किया।
बताया गया कि सभी लोग सुबह खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान सियार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह भाग गया।
गाय और कुत्तों के झुंड को भी बनाया निशाना
एक के बाद एक हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, सियार गांव में गाय और कुत्तों के झुंड पर भी हमला कर चुका है। इससे पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह खेतों की ओर जाने और बच्चों के घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
वन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का जायजा लिया। ग्रामीणों ने सियार को पकड़ने के लिए अभियान चलाने और गांवों में लगातार निगरानी रखने की मांग की है, ताकि दोबारा किसी ग्रामीण पर हमला न हो सके।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




