- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Amethi
- Amethi Youth Death | High Tension Line Negligence Protest
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत:अमेठी में ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगायाअखिलेश कुमार सोनी | अमेठी जिला2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेठी में रविवार शाम घर से निकले युवक का शव सोमवार सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर बाईपास किनारे खेत में पड़ा मिला। युवक की मौत हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। जमीन से करीब 7 फीट ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि लाइन हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मृतक की पहचान खेरौना गांव निवासी मुन्नालाल प्रजापति (35) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक मुन्नालाल रविवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। वह खेतों को जानवरों से बचाने के लिए कटीली झाड़ियां लेने बाईपास के किनारे स्थित खेत की ओर गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और खेतों में खोजबीन की गई, लेकिन मुन्नालाल का कोई पता नहीं चला।
सुबह खेत में पड़ा मिला शव
सोमवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। शव घर से करीब 300 मीटर दूर बाईपास के किनारे मिला। सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक मुन्नालाल हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
शव घर से करीब 300 मीटर दूर बाईपास के किनारे मिला।
जमीन से 7 फीट ऊपर है हाईटेंशन लाइन
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह शव मिला, वहां हाईटेंशन लाइन जमीन से करीब 7 फीट की ऊंचाई पर है। इसी को लेकर ग्रामीण बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस लाइन को हटाने या ऊंचा कराने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई थी। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। युवक की मौत के बाद गांव में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
मेले में दुकान लगाकर परिवार चलाता था
मुन्नालाल के पिता रामसूरत ने बताया कि उनका बेटा रविवार शाम कटीली झाड़ियां लेने गया था। रात तक घर नहीं लौटने पर पूरा परिवार उसे ढूंढता रहा। सुबह खेत में उसका शव मिलने की जानकारी हुई। परिजनों के मुताबिक मुन्नालाल मेले में छोटी-छोटी दुकानें लगाकर परिवार का गुजारा करता था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔



