- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Nusrat Bharucha Accident In Bali | Surgery In Mumbai After Spinal Fracture
नुसरत भरूचा की सर्जरी होगी:अनु अग्रवाल हादसे के बाद 29 दिन कोमा में थीं, महिमा चौधरी के चेहरे से निकाले गए थे कांच के टुकड़े1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
एक्ट्रेस नुसरत भरूचा हाल ही में बाली में एक हादसे का शिकार हो गईं। वह काम और छुट्टियों से जुड़े दौरे पर बाली गई थीं। हादसे के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है।
जिसके बाद आगे की सर्जरी के लिए उन्हें मुंबई लाने का फैसला किया गया। इसके लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। 2 अक्टूबर 2026 को वह एयर एंबुलेंस से मुंबई पहुंचीं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई एक्ट्रेस हादसों में घायल हो चुकी हैं। हादसे के बाद एक्ट्रेस अन्नू अग्रवाल की याददाश्त चली गई थी। तो वहीं महिमा चौधरी के चेहरे से 67 कांच के टुकड़े निकाले गए थे।
अनु अग्रवाल का गंभीर कार एक्सीडेंट हुआ था
1990 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आशिकी’ से रातों-रात मशहूर हुईं अभिनेत्री अनु अग्रवाल के साथ साल 1999 में दर्दनाक हादसा हुआ था। मुंबई में एक लेट-नाइट पार्टी से लौटते समय अनु अग्रवाल की कार का गंभीर एक्सीडेंट हुआ था।
इस हादसे में उनके शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हुए, उनका चेहरा बुरी तरह प्रभावित हुआ और सिर व दिमाग में अंदरूनी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद वह 29 दिनों तक कोमा में रहीं।
अनु अग्रवाल ने ‘आशिकी’ के अलावा ‘किंग अंकल’, ‘खल-नायिका’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
होश में आने के बाद उनका आधा शरीर पैरालिसिस (लकवा) का शिकार हो चुका था और याददाश्त चले जाने के कारण वह अपनी पुरानी जिंदगी और पहचान तक भूल चुकी थीं।
दैनिक भास्कर के साथ बातचीत में एक्सीडेंट पर अनु अग्रवाल ने बताया था,
मेरा सीधा हाथ पूरा पैरालाइज्ड था, मैं खुद खाना भी नहीं खा पाती थी। एक्सीडेंट के 7 साल बाद तक ये हुआ। मेरे कई एक्सीडेंट हुए थे। मेरा उल्टा हाथ, पैसिव था। राइट हैंड काम करता था। जब सीधा हाथ पैरालाइज हुआ, तो मैं चेक भी साइन नहीं कर पाती थी। मेरे कई चेक बाउंस हो गए। खाना उल्टे हाथ से कैसे खाना है, चम्मच इधर-उधर जाता। सुबह नाइट सूट का नाड़ा खोलने के लिए आपको दो हाथ चाहिए, एक हाथ से नाड़ा नहीं खुलता था। किस तरह मैं टूथब्रश पकड़ती। पेस्ट बार-बार फिसलता। एक हाथ से ये सब करती थी।
हालांकि, अनु अग्रवाल ने हार नहीं मानी और योग, ध्यान तथा आत्मबल के सहारे न सिर्फ दोबारा चलना सीखा, बल्कि अपनी याददाश्त भी वापस पाई।
महिमा चौधरी का कार एक्सीडेंट हुआ था
फिल्म ‘परदेस’ से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस महिमा चौधरी का 1999 में बेंगलुरु में गंभीर कार एक्सीडेंट हुआ था। उस वक्त वह अजय देवगन और काजोल की फिल्म ‘दिल क्या करे’ की शूटिंग कर रही थीं। स्टूडियो जाते समय उनकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी।
हादसा इतना गंभीर था कि कार का कांच टूटकर महिमा के चेहरे में जा धंसा।
महिमा ने साल 2020 में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में बताया था कि मुझे लगा कि मैं मर रही हूं। मैं अस्पताल पहुंची, लेकिन उस समय किसी ने मुझे उठाया तक नहीं और अस्पताल नहीं ले गया।
अस्पताल पहुंचने के काफी देर बाद मेरी मां आईं और अजय देवगन भी वहां पहुंचे। जब वे किसी से बात करने गए, तब मैं उठी और मैंने शीशे में अपना चेहरा देखा। मुझे लगा कि वे इतना हंगामा क्यों कर रहे हैं। मैंने कहा, चलो। कुछ नहीं हुआ, मैं ठीक हूं।’
महिमा चौधरी ने ‘परदेस’, ‘दिल क्या करे’, ‘धड़कन’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
उन्होंने कहा, ‘नहीं, आराम करो। हम वापस आएंगे और शेड्यूल पूरा करेंगे।’ मैंने कहा, ‘नहीं, नहीं। मेरे पास सिर्फ एक दिन है, तो मुझे इसे खत्म करने दो।’
जब मेरी सर्जरी हुई और डॉक्टरों ने मेरे चेहरे से शीशे के 67 टुकड़े निकाले, तब मुझे उस हादसे की गंभीरता का एहसास हुआ।
मैं आज भी इस बारे में बात करते हुए रो पड़ती हूं, क्योंकि यह सिर्फ मेरे करियर के बारे में नहीं था। यह जिंदगी में किसी भी चीज को लेकर आपके नजरिए को बदल देने वाला अनुभव था।
मुझे स्टेपल जैसे टांकों के साथ रहना पड़ा और बिना धूप के घर के अंदर रहना पड़ा। मेरे घर की खिड़कियों को काला कर दिया गया था। मैंने खुद को शीशे में देखना बंद कर दिया था। घर में कोई शीशा नहीं था और धूप भी अंदर नहीं आती थी।
यहां तक कि जिन लाइटों में यूवी किरणें होती हैं, उन्हें भी मैं घर में नहीं रख सकती थी, ताकि चेहरे पर निशान न रह जाएं।
उस दौरान मेरे पास कई फिल्में लाइन में थीं, जिनका मुझे हिस्सा बनना था, लेकिन हादसे के कारण मुझे उनमें से कई फिल्में छोड़नी पड़ीं।’
हेमा मालिनी भी हुई थीं भीषण सड़क हादसे का शिकार
बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी भी साल 2015 में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हुई थीं। यह दुर्घटना 2 जुलाई 2015 को राजस्थान के दौसा के पास आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे-11 पर हुई थी। हादसे में हेमा मालिनी घायल हुई थीं, जबकि दूसरी कार में सवार मासूम बच्ची की मौत हो गई थी।
हेमा मालिनी अपनी मर्सिडीज कार से मथुरा से जयपुर जा रही थीं। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रही ऑल्टो कार से टक्कर हो गई। ऑल्टो में एक परिवार सवार था।
हादसे में ऑल्टो कार में सवार 2 साल की बच्ची चिन्नी की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए थे। वहीं हेमा मालिनी को भी गंभीर चोटें आई थीं।
इस दुर्घटना में हेमा मालिनी के चेहरे पर गहरी चोटें आईं। उनके माथे और दाईं आंख के ऊपर भी चोट लगी थी। उन्हें इलाज के लिए जयपुर के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके चेहरे की सर्जरी की गई थी।
2015 के हादसे के करीब एक साल बाद, मई 2016 में भी मथुरा में उनके काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गई थीं, जिसमें वे बाल-बाल बची थीं।
हादसे के बाद इस बात को लेकर विवाद भी हुआ था कि दुर्घटना के बाद घायलों को कितनी जल्दी चिकित्सा सहायता मिली। मृत बच्ची के परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि बच्ची कुछ समय तक घटनास्थल पर ही पड़ी रही। दूसरी ओर, हेमा मालिनी को एक स्थानीय डॉक्टर अपनी गाड़ी से अस्पताल ले गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने हेमा मालिनी की कार के ड्राइवर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामले में लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की थी।
शूटिंग के दौरान तनीषा मुखर्जी की कार खाई में गिरी थी
एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी की पहली हिंदी फिल्म ‘Sssshhh…’ की शूटिंग के दौरान 2003 में हादसा हुआ था।
विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में तनीषा ने बताया था कि वह फिल्म की शूटिंग के लिए मनाली में थीं। उनके साथ अभिनेता डिनो मोरिया, गौरव कपूर और फिल्म के निर्देशक पवन एस. कौल भी कार में मौजूद थे। रास्ते में कार बर्फ की वजह से फिसली और खाई में जा गिरी।
काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी ने ‘Sssshhh…’, ‘नील एंड निक्की’, ‘सरकार’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
इस हादसे में तनीषा को सिर में गंभीर चोट लगी और उन्हें कंसशन हुआ। उन्होंने बताया था कि हादसे के बाद उनकी याददाश्त भी चली गई थी और उन्हें ठीक होने में एक साल से ज्यादा समय लगा। इलाज के लिए उन्हें दिल्ली भी लाया गया था।
तनीषा ने इस घटना को याद करते हुए बताया था कि फिल्मों में अक्सर दिखाया जाता है कि किसी हादसे के बाद व्यक्ति उठकर पूछता है कि ‘आप कौन हैं’, लेकिन उनके मामले में वास्तव में ऐसा हुआ था। हादसे के बावजूद उन्हें फिल्म पूरी करनी पड़ी।
मलाइका अरोड़ा कार हादसे में घायल हुई थीं
अप्रैल 2022 में मलाइका अरोड़ा एक कार एक्सीडेंट में घायल हो गई थीं। यह हादसा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कार कई वाहनों की टक्कर में फंस गई थी।
हादसे के बाद मलाइका को अस्पताल ले जाया गया। उन्हें आंख के पास चोट लगी और चेहरे पर टांके भी आए। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली।
एक्सप्रेसवे पर एक फूड मॉल के पास तीन गाड़ियां (एक बस और दो कारें) आपस में टकरा गईं, जिसमें मलाइका की रेंज रोवर बीच में फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
कनाडा में रंभा की कार को दूसरी गाड़ी ने टक्कर मारी थी
‘जुड़वा’ और कई फिल्मों में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस रंभा भी गंभीर सड़क हादसे का सामना कर चुकी हैं। 2022 में कनाडा में उनकी कार को दूसरी गाड़ी ने टक्कर मार दी थी।
हादसे के समय रंभा के साथ उनकी बेटी और नैनी भी कार में थीं। रंभा ने सोशल मीडिया पर एक्सीडेंट की जानकारी साझा की थी। उनकी बेटी को हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
रंभा ने ‘बंधन’, ‘क्रोध’ जैसी फिल्मों में भी काम किया था।
शूटिंग के दौरान घोड़ा-गाड़ी से गिरी थीं मनीषा कोइराला
मनीषा कोइराला शूटिंग के दौरान घायल हो गई थीं। अक्टूबर 2002 में फिल्म ‘पैसा वसूल’ की शूटिंग के दौरान वह घोड़ा-गाड़ी से गिर गई थीं। उन्हें पैर में चोट लगी और अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में डॉक्टरों ने उनके दाहिने पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर की पुष्टि की। उन्हें कुछ दिनों तक अस्पताल में रखा गया और आराम की सलाह दी गई।
मनीषा कोइराला ने ‘सौदागर’, ‘खामोशी: द म्यूजिकल’, ‘दिल से..’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
ऐश्वर्या राय को शूटिंग के दौरान चोट लगी थी
ऐश्वर्या राय भी शूटिंग के दौरान गंभीर चोट का सामना कर चुकी हैं। साल 2003 में फिल्म ‘खाकी’ की शूटिंग के दौरान एक सीन फिल्माया जा रहा था। इस सीन में एक वाहन को ऐश्वर्या से कुछ दूरी पर रुकना था, लेकिन ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी ऐश्वर्या से जा टकराई।
हादसे के बाद ऐश्वर्या गिर गईं और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उनके को-स्टार अक्षय कुमार उन्हें अस्पताल लेकर गए थे।
वर्ष 2004 में आई एक्शन-थ्रिलर फिल्म खाकी में ऐश्वर्या राय ने ‘महालक्ष्मी’ नाम की एक महिला का किरदार निभाया था।
सोनम कपूर ‘प्रेम रतन धन पायो’ के सेट पर लगी थी चोट
सोनम कपूर भी फिल्म के सेट पर हादसे का सामना कर चुकी हैं। साल 2015 में ‘प्रेम रतन धन पायो’ की शूटिंग के दौरान एक डांस सीक्वेंस फिल्माया जा रहा था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनम को एक डांस सीक्वेंस में जमीन से ऊपर उठाया जाना था। लैंडिंग के दौरान वह गिर गईं और उनके पैर में चोट लगी। उनके टखने से खून निकलने की भी रिपोर्ट सामने आई थी।
‘प्रेम रतन धन पायो’ में सलमान खान (प्रेम/युवराज विजय सिंह) और सोनम कपूर (राजकुमारी मैथिली) मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




