- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Govinda Statement On Wife Sunita Ahuja Divorce Rumors | Bollywood News
‘हम हिंदू हैं, हमारे यहां तलाक शब्द नहीं है’:पत्नी सुनीता के तलाक की अर्जी वापस लेने को लेकर गोविंदा ने दिया रिएक्शन8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
एक्टर गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा की तलाक की अर्जी वापस लेने से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम हिंदू हैं और हमारे यहां तलाक शब्द नहीं है।
गौरतलब है कि गोविंदा पिछले कई दिनों से अपनी निजी जिंदगी और पत्नी सुनीता के साथ रिश्तों को लेकर चर्चा में हैं।
ABP न्यूज के साथ बातचीत में गोविंदा ने अपने रिश्ते और पत्नी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को लेकर रिएक्शन दिया। हालांकि, उन्होंने कई सवालों पर सीधे जवाब देने के बजाय इशारों में अपनी बात कही।
गोविंदा ने साफ किया कि वह किसी को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा नहीं करना चाहते। उनका कहना है कि जिंदगी में कई बार ऐसे हालात बनते हैं, जब इंसान को अपने रिश्तों और परिस्थितियों को समझते हुए धैर्य रखना पड़ता है।
करियर के चलते गोविंदा ने सुनीता से शादी को लगभग दो साल तक दुनिया से छिपाकर रखा था।
इंटरव्यू के दौरान गोविंदा से पूछा गया कि सुनीता पहले कहती थीं कि अगर उनके पति के चार-पांच अफेयर्स और होते तो अच्छा होता, लेकिन अब वही उन पर गंभीर आरोप क्यों लगा रही हैं?
इस सवाल पर गोविंदा ने कहा कि वह इस मामले में कुछ बातें गुप्त रूप से कहना चाहते हैं, लेकिन पूरी तरह खुलासा नहीं करेंगे। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका स्वभाव ऐसा है कि वह जिंदगी के मंच का पर्दा उस हद तक नहीं उठाते, जहां किसी व्यक्ति को शर्मिंदगी का सामना करना पड़े या समाज के सामने उसके लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएं।
तलाक के सवाल पर क्या कहा?
बातचीत के दौरान गोविंदा से पूछा गया कि सुनीता ने तलाक की अर्जी दबाव में वापस ली या दोनों ने आपसी सहमति से यह फैसला किया।
इस सवाल पर गोविंदा ने सीधे तौर पर पूरी बात नहीं बताई लेकिन उन्होंने कहा, “हम हिंदू आदमी हैं और हमारे यहां तलाक शब्द नहीं है। सभी व्यवस्थाएं हमारे अंदर हैं।”
गोविंदा ने कहा, हीरोइनों से बस हेलो-हाय हुई
इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि सुनीता कहती हैं कि गोविंदा किसी के रूप-सौंदर्य में इतने खो गए हैं कि उन्हें अपना घर-परिवार भी नजर नहीं आ रहा, तो गोविंदा ने हंसते हुए अपने अंदाज में जवाब दिया।
एक्टर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके सामने चार-चार मिस यूनिवर्स जैसी हीरोइनें आईं, लेकिन वह उनसे कभी ठीक से मिल भी नहीं पाए।
उन्होंने कहा कि इन अभिनेत्रियों के साथ उनकी बातचीत हेलो-हाय तक ही सीमित रही।
गोविंदा को उनकी सह-अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ कई मौकों पर एक साथ देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके अफेयर की अफवाहें तेज हो गईं।
बातचीत के दौरान जब कहा गया कि उन्होंने कभी पार्टियां करने जैसी चीजें नहीं कीं और अब उन्हें इसका पछतावा होता है?
इस पर गोविंदा ने मजाकिया अंदाज कहा, “भयंकर रूप से पछतावा हो रहा है। मैं अभी मौका मिले तो मैं दांव लगा दूं उनके साथ। सॉरी, मजाक कर रहा हूं।”
गोविंदा ने बातचीत में कहा कि उनका नाम और बदनामी लंबे समय से एक साथ चलते आए हैं। उनके मुताबिक, जब किसी व्यक्ति को नाम और प्रसिद्धि मिलती है, तो उसके साथ शक और आलोचनाएं भी जुड़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ कि उन्हें बदनामी का सामना न करना पड़ा हो।
अभिनेता ने एक पुरानी बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि करीब आठ-नौ साल पहले उन्होंने किसी से कहा था कि आने वाले समय में कुछ ऐसी परिस्थितियां बनेंगी, जिनका प्रभाव उनके जीवन पर पड़ेगा।
गोविंदा के मुताबिक, उस समय उन्होंने जिस दौर की आशंका जताई थी, आज उन्हें लगता है कि परिस्थितियां उसी दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उनका इशारा किस व्यक्ति या घटना की ओर था। उन्होंने कहा कि वह हर बात को सार्वजनिक नहीं करना चाहते, क्योंकि उनके लिए किसी की प्रतिष्ठा और सम्मान भी महत्वपूर्ण है।
गोविंदा बोले- कड़वाहट से कभी मिठास नहीं आएगी
इंटरव्यू में गोविंदा से पूछा गया कि जब उनके बारे में लगातार नकारात्मक बातें कही जाती हैं, तो वह खुलकर जवाब क्यों नहीं देते। इस पर एक्टर ने कहा कि वह पलटकर किसी को अपमानित करने में विश्वास नहीं रखते।
गोविंदा ने कहा, “कड़वाहट से कभी मिठास नहीं आएगी।” उन्होंने समझाया कि समय के साथ लोगों को खुद समझ में आ जाता है कि किसने किस परिस्थिति में कैसा व्यवहार किया था।
पत्नी को भी दिया अपनी सफलता का श्रेय
सुनीता आहूजा के साथ रिश्तों पर सवालों के बीच गोविंदा ने अपनी पत्नी को लेकर सकारात्मक बातें भी कहीं। उन्होंने कहा कि जब से सुनीता उनके घर आई हैं, तब से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
अभिनेता ने अपनी सफलता और जीवन में मिली उपलब्धियों के लिए अपनी मां के आशीर्वाद का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी भी उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔


