- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Govinda Controversy | Sunita Ahuja & Kashmera Shah Support Video Update
गोविंदा विवाद में कश्मीरा ने रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल को घेरा:सुनीता के सपोर्ट में कहा- को-स्टार को पर्सनल बातें कैसे पता; जानिए पूरा विवाद48 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और उनकी कथित गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार के बीच विवाद गहराता जा रहा है। कोमल की ओर से सुनीता पर अपने ही पति को मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाने के बाद अब गोविंदा की भांजी कश्मीरा शाह मामी सुनीता के समर्थन में उतर आई हैं।
कश्मीरा ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए कोमल पर निशाना साधते हुए कहा कि काम की जगह किसी को-स्टार को इतनी निजी बातें पता नहीं होती हैं।
उन्होंने सुनीता को एक मजबूत महिला बताते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने की बात कही है।
कश्मीरा बोलीं- 30 साल के करियर में ऐसा कभी नहीं सुना
कश्मीरा शाह ने लिखा कि अपने 30 साल के करियर और 50 फिल्मों के अनुभव में किसी को-स्टार को उनकी निजी जिंदगी या भावनाओं की जानकारी नहीं रही।
उन्होंने सिर्फ अपने पति कृष्णा से ही अपनी बातें शेयर की हैं। कश्मीरा ने सवाल उठाया कि काम करने की जगह ऐसा कोई रिश्ता उन्होंने कभी नहीं देखा, जहां किसी को-स्टार को इतनी पर्सनल बातें पता हों।
‘परिवार बचाने वाली महिलाओं को कातिल कहा जा रहा’
कोमल रानी के आरोपों का जवाब देते हुए कश्मीरा ने लिखा कि अपने परिवार का ध्यान रखने वाली महिलाओं को अक्सर घमंडी, हावी होने वाली या मतलबी कह दिया जाता है। लेकिन यह पहली बार है जब किसी को ‘कातिल’ कहा जा रहा है।
कश्मीरा ने कहा कि अगर अपनों की सुरक्षा करने वाली मां, पत्नी या बहन को कातिल कहा जाता है, तो उन्हें इस पर गर्व है। उन्होंने सुनीता की तारीफ करते हुए कहा कि वे हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी।
गोविंदा और उनकी को-स्टार कोमल रानी।
कोमल रानी ने सुनीता पर लगाए थे गंभीर आरोप
पति गोविंदा पर धोखा देने और कोमल रानी से एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर लगा रहीं सुनीता ने हाल ही में कोलकाता के दक्षिणेश्वर काली मंदिर में कहा है कि जो औरत उनका घर तोड़ रही है, माता रानी उसे देखें।
इस पर कोमल ने कहा है कि जो औरत पति को मारने की कोशिश कर रही है उसकी बद्दुआ किसी को नहीं लगती। साथ ही कोमल ने चेतावनी दी है कि सुनीता उनके नाम का इस्तेमाल न करें।
कोमल रानी ने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से सुनीता के बयान पर पलटवार कर लिखा, ‘जो औरत सालों से अपने ही पति को मारने की कोशिश कर रही हो, ऐसी औरतों की बद्दूआएं किसी को नहीं लगतीं। कोई भी व्यक्ति पहले से टूट चुके घर को नहीं तोड़ सकता। हमारे देश के लोग इतने मूर्ख नहीं हैं कि वे किसी कौए के पीछे सिर्फ इसलिए भागने लगें, क्योंकि किसी ने उनसे कह दिया कि कौआ उनका कान लेकर उड़ गया है।’
आगे कोमल ने लिखा, ‘मैं समझ नहीं पा रही हूं कि वो औरत किस तरह के दर्द से गुजर रही है, जहां उसे उस दर्द से उबरने की कोशिश करने के बजाय उसे सार्वजनिक रूप से दिखाने में मजा आ रहा है। ये दर्द है या फिर एक सोची-समझी साजिश? लगातार एक आदमी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना, उसे काम करने से रोकना, घर पर बैठने और अपनी जिंदगी बर्बाद करने के लिए मजबूर करना, उसे पूरी तरह अकेला कर देना और यहां तक कि उसे मौत के करीब पहुंचा देना। मुझे नहीं लगता कि कोई भी अच्छी और समर्पित पत्नी अपने पति के साथ इतनी बुरी तरह पेश आ सकती है।’
अपनी लंबी-चौड़ी पोस्ट के आखिर में कोमल रानी ने लिखा है, ‘क्या ऐसी महिलाएं मानसिक रूप से अस्वस्थ होती हैं या फिर वे अपनी ही चालाकी में इतनी डूबी होती हैं कि उन्हें इस बात का पूरा एहसास होता है कि जो कुछ वे बंद दरवाजों के पीछे हासिल नहीं कर सकीं, उसे वे सार्वजनिक रूप से सामने आकर और लोगों की सहानुभूति हासिल करके पा सकती हैं? मेरे नाम का इस्तेमाल अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए करना बंद करो। भगवान हर सभ्य पुरुष को ऐसी चालाक महिलाओं से बचाए।’
क्या था सुनीता का बयान?
दरअसल, दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सुनीता आहूजा ने कहा कि मैं आज दक्षिणेश्वर काली माता रानी का दर्शन करने आई हूं। आप सब जानते हैं कि महाकाली राक्षसों का नाश करती हैं। मेरे भी जीवन में कुछ राक्षस हैं, माता द्वारा बोलने आई हूं कि उनका भी नाश करें।
उन्होंने आगे कहा, जो मेरे साथ हो रहा है वो अच्छा नहीं हो रहा है, ये घर मेरा टूट रहा है बिना किसी मतलब और मैं चाहती हूं आप सब औरतें मेरे लिए स्टैंड लें, सारे जेन-जी बच्चे मेरे लिए स्टैंड लें और मीडिया से दरख्वास्त करती हूं कि प्लीज ये चीज को आप आगे न बढ़ाएं। आप लोग को भी कायदे से मुझे सपोर्ट करना चाहिए। मैं माता से यही मांगने आई हूं कि जो मेरा घर बर्बाद कर रही है, माता उसे देखें। वो राक्षसों का नाश करने वाली माता रानी हैं, और मैं चाहती हूं मेरे जीवन से ये संकट हट जाए। जय मां काली, जय मां काली।”
गोविंदा ने भी दिया अफेयर रूमर्स पर रिएक्शन
हाल ही में ANI को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा है कि लोग बिना वजह उनकी निजी जिंदगी को निशाना बना रहे हैं, जबकि उन्हें सिर्फ अपने काम से मतलब रखना चाहिए। गोविंदा ने कहा कि उनकी निजी जिंदगी किसी और के लिए चिंता या चर्चा का विषय नहीं होनी चाहिए।
गोविंदा ने रूमर्ड गर्लफ्रेंड संग किए थे लालबागचा राजा के दर्शन
गोविंदा हाल ही में कमबैक फिल्म रूपा की को-स्टार और रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल रानी के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे। जबकि उनसे कुछ घंटों पहले ही सुनीता आहूजा अकेले दर्शन करने पहुंची थीं।
साथ दर्शन करने पर गोविंदा ने दी थी सफाई
कोमल रानी स्वर्णकार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पर सफाई देते हुए गोविंदा ने बताया कि वे अपनी आने वाली फिल्म रूपा के लिए लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे थे। उन्होंने कहा, “इससे पहले भी मैं करिश्मा कपूर और रवीना टंडन के साथ मंदिरों में गया था और वे फिल्में बहुत बड़ी हिट साबित हुई थीं। मैं लंबे समय बाद नया काम शुरू कर रहा हूं, इसलिए प्रार्थना करने गया था।”
परिवार से दूर करने और इमेज खराब करने की साजिश
इंटरव्यू में गोविंदा ने अपने खिलाफ चल रही बातों को एक सोची-समझी चाल करार दिया। उन्होंने कहा, “यह किसी एक इंसान की गलती नहीं है, बल्कि बहुत सोच-समझकर बनाई गई योजना है। ऐसी चीजें आगे भी हो सकती हैं। यह मुझे मेरे परिवार से अलग करने और समाज में मेरी छवि खराब करने का प्लान है।”
गोविंदा ने कहा कुछ लोग बिना वजह उनकी निजी जिंदगी को निशाना बना रहे हैं।
सुनीता आहूजा बोलीं- इंसान धोखा ही देते हैं
गणपति उत्सव के दौरान गोविंदा को अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ दिखने के बाद सुनीता आहूजा का एक बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने इंसानों को धोखेबाज बताते हुए जानवरों से प्यार को बेहतर बताया। हालांकि, सुनीता ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया था।
पैपराजी के साथ बातचीत के दौरान सुनीता ने अपने डॉग को प्यार से बेटा बुलाया।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔



