- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Sambhal
- Samajwadi Party Dalit Sammelan Agra | Ramjilal Suman Statement | BJP 2027
संभल पहुंचे रामजीलाल सुमन:बोले- 2027 में BJP को हराना है तो सपा ही विकल्प, आगरा में 15 नवंबर को दलित सम्मेलनसनी गुप्ता, संभल2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संभल में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन मंगलवार दोपहर संभल पहुंचे। रायसत्ती थाना क्षेत्र के चंदौसी चौराहा स्थित सपा जिला कार्यालय में उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में आगरा में 15 नवंबर को प्रस्तावित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा हुई। सुमन ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है। उनका दावा है कि दलित समाज के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल बन रहा है और भाजपा को हराने के लिए सपा को विकल्प माना जा रहा है।
2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन को लेकर चल रही बयानबाजी पर रामजीलाल सुमन ने कहा कि गठबंधन होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में दोनों दलों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को गठबंधन को लेकर बातचीत के लिए अधिकृत किया है।
उनके मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत होगी। सुमन ने गठबंधन को लेकर बयानबाजी करने वाले नेताओं से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान नहीं दिए जाने चाहिए, जिससे गठबंधन की स्थिति प्रभावित हो।
रामजीलाल सुमन ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
इंडिया गठबंधन की बैठक में सपा की गैरमौजूदगी पर बोले- कोई कारण रहा होगा
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक में सपा के शामिल नहीं होने के सवाल पर सुमन ने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने व्यस्त होने की बात कही थी और पार्टी की ओर से किसी प्रतिनिधि के बैठक में शामिल होने की बात कही गई थी।
प्रियंका गांधी और डिंपल यादव के साथ चुनाव प्रचार करने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कहां और किसके साथ प्रचार करना है, यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर रामजीलाल सुमन ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने भाजपा के पक्ष में फैसले किए हैं और कहा कि आयोग की निष्पक्षता को लेकर सपा पहले से सवाल उठाती रही है।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब एक रिपोर्ट में बताया गया है कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर कम से कम 14 बार आपत्तियां दर्ज की थीं। निर्वाचन आयोग ने इसके जवाब में कहा है कि आयोग के निर्णय तीनों निर्वाचन आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने भाजपा के पक्ष में फैसले किए हैं और कहा कि आयोग की निष्पक्षता को लेकर सपा पहले से सवाल उठाती रही है।
बैठक में करीब 200 कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, संभल विधायक के पुत्र सुहैल इकबाल, गुन्नौर विधायक के पुत्र अखिलेश यादव, चंदौसी की पूर्व प्रत्याशी विमलेश कुमारी, जिला महासचिव कृष्णमुरारी शंखधार, सईद अख्तर इसराईली, अजय कुमार, मुंशी वाहिद और सभासद मोहम्मद रेहान समेत करीब 200 कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




