- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Sultanpur
- Sultanpur School Girl Death | Snake Bite Incident Investigation
स्कूल में सांप काटने से छात्रा की मौत:वाशरूम से निकली और बेहोश हुई, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजारसुल्तानपुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सुल्तानपुर के सौरमऊ में यश कान्वेंट स्कूल की पहली कक्षा की छात्रा माहिरा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि स्कूल स्टाफ बच्ची को अस्पताल में छोड़कर भाग गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
स्कूल के एक स्टाफ सदस्य ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि बच्ची वाशरूम गई थी। वहीं उसे सांप ने काट लिया। वह चीखते हुए बाहर निकली और बेहोश हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। वैसे इस लापरवाही की जांच में स्कूल प्रशासन पर गाज गिर सकती है।
मृतक छात्रा की पहचान 9 साल की माहिरा के रूप में हुई है। वह कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नेकराही गांव की रहने वाली थी। उसके दादा मोहम्मद अली ने बताया कि सुबह माहिरा स्कूल बस से स्कूल गई थी। दोपहर एक बजे के बाद स्कूल से फोन आया कि बच्ची बीमार है। मोहम्मद अली ने बताया कि वे स्कूल की तरफ जा रहे थे, तभी घर से फोन आया कि माहिरा को अस्पताल ले जाया गया है। जब वे अस्पताल पहुंचे, तो इमरजेंसी में माहिरा मृत पड़ी थी। उन्होंने अस्पताल स्टाफ से पूछा कि उसे कौन लेकर आया था, तो बताया गया कि दो लोग उसे लिटाकर चले गए और कोई जानकारी भी नहीं दी।
दादा मोहम्मद अली के अनुसार, माहिरा घर से एकदम ठीक गई थी और अपने साथ खाना भी लेकर गई थी। माहिरा की एक बहन मंतशा भी है। उसके पिता परिवार चलाने के लिए विदेश में नौकरी करते हैं।
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने इस घटना पर बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कोतवाली देहात क्षेत्र की एक बच्ची, जो स्कूल गई थी, उसकी तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है।
पुलिस परिजनों और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर कानूनी कार्रवाई कर रही है। सीओ सिटी ने साफ किया कि छात्रा की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच कर रही है।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




