- Hindi News
- Local
- Punjab
- Amritsar
- Amritsar Influencer Mad Sandhu Murder Case | Reels Troll Controversy
पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू की होनी थी बिगबॉस में एंट्री:दोस्त का दावा- 29 को जाने वाला था; गोली मारकर हत्या, अरुप्रीत को भी धमकीमानव, अमृतसर11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
इन्फ्लुएंसर मेड संधू और अरुप्रीत की फाइल फोटो।
अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू (29) की हत्या के बाद एक नई जानकारी सामने आई है। उसके दोस्त कुंवर सिंह ने दावा किया है कि मैड संधू की टीवी के मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस में एंट्री होने वाली थी।
.
कुंवर का कहना है कि मैड संधू कंटेस्टेंट के तौर पर 29 अक्टूबर को बिग बॉस के घर में जाने वाला था। इसके लिए उसकी कागजी कार्रवाई और सभी जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी हो चुके थे। उसने इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की थी।
कुंवर का यह भी कहना है कि मैड संधू बुरा इंसान नहीं था, बल्कि उसे बुरा बनाया गया। वह छबील लगाता था, लंगर की सेवा करता था। बाढ़ के दौरान भी वह लोगों के बीच काफी एक्टिव रहा और जरूरतमंदों की मदद की।
वहीं, दूसरी तरफ मैड संधू की हत्या के बाद दूसरे इन्फ्लुएंसर अरुप्रीत को जान से मारने की धमकी मिली है। मैड संधू के कत्ल की जिम्मेदारी लेते हुए गैंगस्टर लक्की जौहल स्पेन ने कहा कि अगला नंबर अरुप्रीत का है। अरुप्रीत भी मैड संधू की तरह इंस्टाग्राम पर रील्स शेयर करता है।
गैंगस्टरों की धमकी के बाद अरुप्रीत ने इंस्टाग्राम पर अपना नाम बदलकर अर्शदीप सिंह कर लिया और अकाउंट भी प्राइवेट कर लिया है।
अरुप्रीत का इंस्टाग्राम अकाउंट, जिसमें उसने नाम बदलकर अर्शदीप कर लिया है।
2 गैंगों ने ली हत्या की जिम्मेदारी
मैड संधू की शनिवार शाम अमृतसर के लोहारका रोड पर गोली मारकर हत्या की गई थी। मैड संधू को 3 गोलियां मारी गईं, जिनमें से 2 आर-पार हो गई थीं। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि शूटरों के बारे में पुख्ता इनपुट मिल चुके हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, कत्ल से पहले मैड संधू ने इंस्टाग्राम पर पंजाबी सिंगर जी खान का गाना ‘वे मैनूं माही मिला दे…वे ढोलना…’ लगाकर आखिरी रील शेयर की थी। मैड संधू के कत्ल को लेकर 2 गैंगस्टरों ने दावा किया है। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद लक्की जौहल स्पेन ने कहा कि उसने मैड संधू को मरवाया है।
हमलावरों ने मैड संधू के सीने में गोली मारी।
कत्ल की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टरों ने क्या कहा…
जौहल ने कहा- पंजाब का माहौल बिगाड़ रहे थे
गैंगस्टर लक्की जौहल स्पेन ने कहा- हमने यह काम न तो पैसों के लिए करवाया है और न ही किसी निजी फायदे के लिए, बल्कि सिर्फ पंजाब के लिए करवाया है, क्योंकि ये लोग पंजाब का माहौल खराब कर रहे थे। ये लोग आने वाली नई पीढ़ी को किस तरह की सीख दे रहे थे, यह बात सभी जानते हैं। इसके बाद अगला नंबर अरुप्रीत का है। वह भी अपनी तैयारी रखे।
गोल्डी ढिल्लों ने कहा- वह नई पीढ़ी को खराब कर रहा है। उसने टिकटॉक पर इस तरह का कंटेंट बनाने और उसे प्रमोट करने वालों को भी धमकी दी।
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने पोस्ट में लिखा….
“वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
आज रंजीत एवेन्यू में मैड संधू की जो हत्या हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन लेते हैं।
ये लोग हमारी नई पीढ़ी को खराब कर रहे हैं। बाकी, जो भी इनके जैसे लोग सोशल मीडिया और टिकटॉक पर हथियारों का प्रदर्शन करते हैं, उन्हें भी चेतावनी है। जो लोग इन्हें प्रमोट कर रहे हैं, वे भी अपनी तैयारी रखें।
जिन स्कूलों में इन्हें मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया जा रहा है, उन्हें भी आखिरी चेतावनी है।
जो लोग गुंडागर्दी करना चाहते हैं, उन्हें पंजाब से बाहर कर दो। यह योद्धाओं की धरती है और इस धरती पर योद्धा ही रहेंगे।
जिन्हें हमारे फोन की घंटी सुनाई नहीं दे रही और जो सुरक्षा लेकर बैठे हैं, वे भी तैयार रहें।
इंतजार करो और देखो।”
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की इस पोस्ट की दैनिक भास्कर पुष्टि नहीं करता है।
पिता पंजाब पुलिस से रिटायर्ड SI पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि मैड संधू कार वॉश कराने के लिए गए थे, तभी उस पर हमला हुआ। वह पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर के बेटे थे। उनका घर अमृतसर रूरल पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाली एक रिहायशी कॉलोनी में था। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मामले में पुलिस को ठोस सुराग मिले हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है।
बोल्ड रील्स को लेकर होता था ट्रोल
मैड संधू की सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी पहचान थी, लेकिन उसका बोल्ड अंदाज कई लोगों को पसंद नहीं आया। उसे लगातार ट्रोल किया जाता था और उसके कंटेंट पर सवाल उठाए जाते थे। निहंगों की ओर से भी उसे कई बार चेतावनी दी गई थी। उनका कहना था कि इस तरह का कंटेंट पंजाब की संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
विवादों और आलोचनाओं के बावजूद मैड संधू सोशल मीडिया पर सक्रिय रहा। उसकी रील्स और अलग अंदाज के चलते वह लगातार चर्चा में बना रहा। पंजाबी फिल्मों में काम करने से पहले ही वह सोशल मीडिया पर मशहूर हो चुका था। उसकी लोकप्रियता को देखते हुए उसे पंजाबी फिल्म ‘ओए भोले ओए’ में भूमिका मिली।
सड़क पर पड़े मिले गोलियों के खोल।
मैड संधू की हत्या कैसे हुई, 3 पॉइंट में जानिए…
- चश्मदीद के मुताबिक, मैड संधू पहले अपनी कार कार वॉश के लिए खड़ी कर गया था। बाद में दो लड़कियां उसे कार वापस ले जाने के लिए छोड़ने आईं। इसी दौरान बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा मैड संधू के पास गया और बिल्कुल करीब से गोलियां चला दीं।
- चश्मदीद के अनुसार, करीब 4-5 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से दो गोलियां मैड संधू को लगीं। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
- चश्मदीद ने यह भी बताया कि पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मैड संधू सड़क पर खून से लथपथ पड़ा दिखाई दे रहा है। उसके साथी उसे उठाते नजर आते हैं। सड़क पर गोलियों के खोल भी पड़े दिख रहे हैं।
**********
ये खबर भी पढ़ें:
पंजाबी सिंगर केएस मक्खन ने मैड संधू का मजाक उड़ाया: स्टेज से मेकअप आर्टिस्ट को चिज्जी बताया; पहले भी कुंवारों की खुराक बता चुके
फेमस पंजाबी सिंगर केएस मक्खन और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू एक बार फिर आमने-सामने हो गए हैं। केएस मक्खन ने कपूरथला में हुए शो में मैड संधू को चिज्जी कहते हुए कुंवारों की खुराक बता दिया। मक्खन का ये रिएक्शन तब आया, जब एक फैन ने उन्हें मोबाइल पर मैड संधू की फोटो दिखाते हुए गाना गाने के लिए कहा। (पढ़ें पूरी खबर)
अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर
एप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें
पूरी खबर पढ़ें ऐप परप्रीमियम मेंबरशिप है तो लॉगिन करें
Source link




