- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Filmmaker Sanjay Gupta Death | Kabil 2 Script Hrithik Rakesh Roshan
संजय गुप्ता ने लिख ली थी ‘काबिल 2’:राकेश रोशन बोले- मुझे स्क्रिप्ट पसंद आई, इस पर काम कर रहे थे, तभी यह घटना हो गई6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
ऋतिक रोशन स्टारर फिल्म ‘काबिल’ को संजय गुप्ता ने डायरेक्ट किया था, जबकि राकेश रोशन ने इसे प्रोड्यूस किया था।
फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने ‘काबिल 2’ की स्क्रिप्ट लिख ली थी। राकेश रोशन और ऋतिक रोशन को यह स्क्रिप्ट पसंद आई थी। दोनों इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे।
बता दें कि शुक्रवार रात वर्सोवा स्थित घर में गिरने से संजय गुप्ता का निधन हो गया।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, संजय को घर के अंदर गिरने से सिर में चोट लगी थी। इससे काफी खून बहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
‘काबिल 2’ पर काम कर रहे थे राकेश और ऋतिक
राकेश रोशन ने मिड-डे के साथ बातचीत में कहा, “जब मैं विदेश में था, संजय गुप्ता मुझे यूट्यूब पर चीजें देखने की सलाह भेजते थे। वह अच्छे दोस्त और बहुत अच्छे इंसान थे।”
उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी चले जाएंगे। मुझे उनके साथ ‘काबिल’ बनाना अच्छा लगा। जब उन्होंने ऋतिक और मुझे स्क्रिप्ट सुनाई, तो मैंने उसी समय उनसे हाथ मिलाया और कहा कि हम इसे आगे बढ़ाएंगे।”
राकेश रोशन ने कहा, “संजय अच्छे तकनीशियन और काबिल डायरेक्टर थे। ‘काबिल’ की शूटिंग के दौरान उन्होंने मुझसे पूछे बिना कभी कोई काम नहीं किया।”
उन्होंने आगे कहा, “शूट खत्म होने के बाद मैंने उनसे कहा कि मैं यह फिल्म उतनी अच्छी तरह नहीं बना सकता था, जितनी उन्होंने बनाई। मुझे एक बार भी सेट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ी।”
फिल्म में ऋतिक रोशन और यामी गौतम लीड रोल में थे।
राकेश के मुताबिक, संजय शूटिंग से पहले हर चीज पर चर्चा करते थे। उन्होंने कहा कि जब भी वह अगली फिल्म बनाने के बारे में सोचते, संजय को वह फिल्म देने वाले थे।
राकेश ने बताया कि संजय पिछले दो साल से दो-तीन विषयों पर काम कर रहे थे। हालांकि, उनमें से किसी को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका।
उन्होंने कहा, “उन्होंने ‘काबिल 2’ की स्क्रिप्ट लिखी थी। ऋतिक और मैंने स्क्रिप्ट सुनी थी और हमें पसंद आई थी। हम इस पर काम कर रहे थे कि अचानक यह घटना हो गई।”
ऋतिक रोशन ने रोहन भटनागर का मुख्य किरदार निभाया था। वह एक दृष्टिहीन डबिंग आर्टिस्ट है, जो अपनी पत्नी की मौत का बदला लेता है।
वर्सोवा श्मशान घाट में हुआ अंतिम संस्कार
संजय गुप्ता का अंतिम संस्कार शनिवार शाम वर्सोवा श्मशान घाट में हुआ। उनके बेटे शिवांश और बेटी दलई ने चिता को मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार शनिवार रात करीब 8:30 बजे हुआ था। अभिषेक बच्चन, राजपाल यादव, रजत बेदी और राकेश रोशन श्मशान घाट पहुंचे।
संजय दत्त बोले- ‘कांटे 2’ बनाऊंगा
संजय गुप्ता के निधन के बाद अभिनेता संजय दत्त ने उन्हें याद करते हुए फिल्म ‘कांटे 2’ बनाने की बात कही।
संजय दत्त और संजय गुप्ता ने ‘आतिश’, ‘जंग’ और ‘कांटे’ जैसी 9 फिल्मों में साथ काम किया था।
संजय दत्त ने बताया कि कुछ समय पहले ही दोनों की ‘कांटे 2’ को लेकर बात हुई थी।
संजय दत्त ने लिखा, ‘हमने कुछ दिन पहले ही ‘कांटे 2’ को लेकर बात की थी। भाई, अब मैं तुम्हारे इस सपने को जरूर पूरा करूंगा। तुम्हारी याद में ‘कांटे 2′ बनाऊंगा और तुम्हारा यह सपना सच करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करूंगा। तुमसे हमेशा प्यार रहेगा। भाई, तुम्हारे बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दें।’
संजय गुप्ता के निधन के बाद लोगों ने उनके बारे में जानने के लिए गूगल पर सर्च किया, जिसके बाद वह ट्रेंड करने लगे
सोर्स- गूगल ट्रेंड्स
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




