- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Prakash Raj Kochi Protest Controversy | BJP Demands UAPA Action
प्रकाश राज ने SIR के खिलाफ खोला मोर्चा:छोटी दिवाली पर कोच्चि में प्रदर्शन का ऐलान; BJP नेता बोले- UAPA के तहत कार्रवाई हो12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फिल्मों में दमदार अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर राजनीतिक बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के खिलाफ मोर्चा खोला है। प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर 7 नवंबर को केरल के कोच्चि में होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने छात्रों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से लोकतंत्र और मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने को कहा। वहीं, BJP प्रवक्ता KVS Haridas ने उनकी अपील पर पलटवार किया। उन्होंने प्रकाश राज को केरल में प्रवेश नहीं देने और UAPA के तहत कार्रवाई की मांग की।
SIR के खिलाफ प्रकाश राज ने प्रदर्शन का आह्वान किया
प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने 7 नवंबर को कोच्चि में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कोच्चि के जंतर-मंतर पर SIR के खिलाफ प्रदर्शन होगा। इसमें छात्र, युवा, सिविल सोसाइटी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि जुटेंगे।
प्रकाश राज ने लोगों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और चुनाव आयोग को बताना होगा कि लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
BJP प्रवक्ता KVS Haridas ने केरल में प्रवेश रोकने की मांग की
प्रकाश राज की अपील के बाद BJP प्रवक्ता KVS Haridas ने निशाना साधा। उन्होंने कोच्चि में होने वाले CJP प्रदर्शन पर सवाल उठाए।
हरिदास ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हाल ही में CJP नेताओं की फंडिंग की जानकारी सामने रखी थी। उनके मुताबिक, एक नेता को अमेरिका की भारत-विरोधी ताकतों से फंडिंग मिली, जबकि दूसरे को पाकिस्तान के नेताओं से कथित तौर पर पैसा मिला।
BJP नेता ने सवाल उठाया कि क्या केरल सरकार को ऐसे लोगों का समर्थन करना चाहिए और राज्य की पुलिस को उन्हें अशांति फैलाने की अनुमति देनी चाहिए।
उन्होंने केरल सरकार और पुलिस से प्रकाश राज को राज्य में प्रवेश नहीं देने की अपील की। साथ ही, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत कार्रवाई की मांग की।
क्या है SIR प्रक्रिया, जिसका विरोध हो रहा है?
SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन, चुनाव आयोग की मतदाता सूची की विशेष गहन जांच और संशोधन प्रक्रिया है। इसके तहत सूची में दर्ज नामों का सत्यापन किया जाता है, ताकि इसे अपडेट किया जा सके।
इस प्रक्रिया पर विपक्षी दलों और कुछ सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इससे पात्र मतदाताओं के नाम भी सूची से हट सकते हैं। इसी वजह से मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारी SIR प्रक्रिया रद्द करने और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
CJP पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन की कोशिश कर चुका है
कोच्चि का प्रदर्शन ऐसे समय हो रहा है, जब CJP नेताओं ने इससे पहले दिल्ली में SIR के खिलाफ प्रदर्शन की कोशिश की थी।
CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की योजना बनाई थी।
प्रदर्शन की अनुमति और जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान पार्टी के कुछ नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। बाद में प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय ध्वज लहराने के मामले में सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार किया गया था। दोनों करीब एक सप्ताह न्यायिक हिरासत में रहे और 21 अक्टूबर को रिहा हुए।
अब CJP ने केरल के कोच्चि में प्रदर्शन आयोजित करने का फैसला किया है।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




