- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Daler Mehndi Son Gurdeep Statement | Uttarakhand CM Dhami Controversy
दलेर मेहंदी विवाद पर बेटे गुरदीप ने दिया रिएक्शन:बोले- पिता की सेहत एकदम फर्स्ट क्लास; उत्तराखंड CM धामी ने मीका से की बात14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के साथ हुए विवाद के बीच गायक दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत में गुरदीप ने अपने पिता के स्वास्थ्य को लेकर जताई जा रही चिंताओं का जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि उनके पिता की सेहत एकदम फर्स्ट क्लास है। हालांकि, उन्होंने टिहरी गढ़वाल मेले में हुए विवाद पर सीधे तौर पर कुछ भी बोलने से परहेज किया।
इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक मीका सिंह से फोन पर बात कर इस मामले को आपसी बातचीत से समाप्त करने की अपील की है।
दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी।
पिता की सेहत पर बोले बेटे गुरदीप मेहंदी
गुरुवार को एक संगीत पुरस्कार समारोह में पहुंचे दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी से उनके पिता की अस्वस्थता को लेकर सवाल पूछा गया। गुरदीप ने कहा कि उनके पिता की तबीयत बिल्कुल ठीक है और वे ‘फर्स्ट क्लास, शानदार और सुपरहिट’ हैं।
उत्तराखंड में मंत्री के साथ हुए विवाद के बारे में पूछे जाने पर गुरदीप ने कोई बयान नहीं दिया। उन्होंने आगे बताया कि काफी समय बाद किसी पंजाबी संगीत पुरस्कार समारोह का हिस्सा बनकर वे काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं।
दलेर मेहंदी पर शराब पीकर स्टेज पर परफोर्म करने का आरोप लगाया गया था।
CM धामी ने मीका से फोन पर की बात
विवाद बढ़ता देख उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को शांत कराने की पहल की है। ANI के मुताबिक, CM धामी ने गायक मीका सिंह से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल का मकसद किसी भी कलाकार को ठेस पहुंचाना नहीं था।
उन्हें दलेर मेहंदी की खराब तबीयत के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। CM ने कहा कि मंत्री द्वारा स्थिति स्पष्ट करने के बाद अब सभी को इस मामले को यही समाप्त मान लेना चाहिए।
मीका सिंह ने जताई थी नाराजगी, कलाकार के सम्मान की मांग की
इससे पहले दलेर मेहंदी के छोटे भाई और गायक मीका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर उत्तराखंड सरकार का ध्यान इस ओर खींचा था।
मीका ने लिखा था कि मंच पर बुलाकर किसी सीनियर कलाकार के साथ इस तरह का बर्ताव सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दलेर मेहंदी बीमार होने के बावजूद अपना वादा पूरा करने आए थे और उन्होंने पूरे 1 घंटे 30 मिनट तक लाइव परफॉर्मेंस दी थी। मीका ने कहा कि शिकायत होने पर सम्मानजनक तरीके से बात की जानी चाहिए थी।
18 अक्टूबर को टिहरी के मेले में शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 18 अक्टूबर की शाम टिहरी गढ़वाल के ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ का है। कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे दलेर मेहंदी को उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही रोक दिया था। मंत्री ने उन पर शराब के नशे में होने, ठीक से न गाने और लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे।
घटना के बाद अभिनेता राजपाल यादव, अनुपम खेर और बादशाह समेत कई कलाकारों ने दलेर मेहंदी का समर्थन किया था और बताया था कि वे शराब नहीं पीते हैं।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔




