- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Sitapur
- Sitapur ATM Card Fraud Gang Arrest | 41 Cards And Cash Seized
ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा:2 आरोपी गिरफ्तार, 41 ATM कार्ड और 42 हजार रुपए बरामदअभिषेक सिंह | सीतापुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सीतापुर में ATM कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपए निकालने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का शनिवार शाम 5 बजे पुलिस ने खुलासा किया। SOG और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अलग-अलग बैंकों के 41 ATM कार्ड, 42 हजार रुपए नकद, एक नोकिया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल TVS अपाचे बाइक बरामद हुई।
मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपी पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतापगढ़ के पट्टी थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी संतोष कुमार पाठक और पूरे बोधराम निवासी संत बहादुर यादव के रूप में हुई है। दोनों को शनिवार को मुखबिर की सूचना पर आरएमपी तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।
बुजुर्ग का ATM कार्ड बदलकर निकाले थे 80 हजार
3 सितंबर को सीतापुर शहर के सिटी सेंटर मॉल के सामने बैंक ऑफ इंडिया के ATM पर एक बुजुर्ग का कार्ड बदल दिया गया था। इसके बाद आरोपियों ने दूसरे ATM से 80 हजार रुपए निकाले। कार्ड से खरीदारी भी की गई थी। मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
मदद के बहाने PIN देखते थे
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपाचे बाइक से अलग-अलग जिलों में घूमते थे। ATM बूथों की रेकी करते थे। बुजुर्ग और सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपी मदद करने के बहाने उनके पीछे खड़े हो जाते थे। इसी दौरान उनका PIN देख लेते थे। इसके बाद चालाकी से असली ATM कार्ड लेकर दूसरा कार्ड दे देते थे।
ATM से रुपए निकालने के साथ खरीदारी भी करते थे
असली कार्ड मिलने के बाद आरोपी दूसरे ATM से रुपए निकालते थे। इसके अलावा दुकानों पर कार्ड से खरीदारी भी करते थे। पुलिस के अनुसार बरामद 42 हजार रुपए में से कुछ रकम 3 सितंबर की घटना से जुड़ी है।
संतोष के पास 23 और संत बहादुर के पास 18 कार्ड
पुलिस के मुताबिक, संतोष के पास 23 और संत बहादुर के पास 18 ATM कार्ड मिले। संतोष के खिलाफ सीतापुर, प्रतापगढ़ और लखनऊ में ठगी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 317(2) के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
.दैनिक भास्कर को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं ➔


